बीजापुर, 20 नवंबर 2024। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा ने बीजापुर के जीएडी कॉलोनी में न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बनाए गए नवनिर्मित आवासीय परिसर का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस मौके पर दंतेवाड़ा जिले के पोर्टफोलियो जज अरविंद कुमार वर्मा की उपस्थिति रही।
लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित इस आवासीय परिसर में न्यायिक अधिकारियों के लिए एक और कर्मचारियों के लिए 23 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया गया है। मुख्य न्यायाधिपति ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों को अब बेहतर आवासीय सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने यह भी जोर दिया कि इन आवासों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखना सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता के स्वागत उद्बोधन से हुआ। मुख्य न्यायाधिपति ने अपने संदेश में नवनिर्मित आवासीय परिसर की सराहना करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। धन्यवाद ज्ञापन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ताजुद्दीन आसिफ ने किया। उन्होंने मुख्य न्यायाधिपति की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि यह आवासीय सुविधा बीजापुर जैसे सुदूर और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में काम कर रहे अधिकारियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
लोकार्पण समारोह में कलेक्टर संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव, उपनिदेशक इंद्रावती टाइगर रिजर्व संदीप बलगा, अनुविभागीय अधिकारी उत्तम पंचारी, कार्यपालन अभियंता बीएल ध्रुव, डीएसपी तुलसी लेकाम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ अधिवक्ता और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला न्यायालय दंतेवाड़ा में एक उप डाकघर का भी उद्घाटन किया गया, जिससे क्षेत्र में न्यायिक सेवाओं और अन्य प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुगम बनाया जा सके।

