विक्रम मंडावी ने सिस्टम को बताया बच्ची की मौत का ज़िम्मेदार

बीजापुर, 11 दिसंबर 2024

ग्राम धनोरा स्थित माता रुक्मणी कन्या आवासीय आश्रम में फूड प्वाइजनिंग की घटना को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा गठित सात सदस्यीय जांच दल ने इसे सरकारी तंत्र की विफलता करार दिया है। जांच दल के संयोजक और बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया कि खराब पनीर की सब्जी खाने से हुई फूड प्वाइजनिंग, इलाज में लापरवाही और खाद्य विभाग की उदासीनता के कारण बच्ची की मौत हुई।

जांच दल ने बुधवार को जिला अस्पताल में इलाज करा रहे बीमार बच्चों से मुलाकात की और ग्राम धनोरा स्थित आश्रम पहुंचकर छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मृतक छात्रा के गृह ग्राम तुमनार पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

विक्रम मंडावी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि अमानक पनीर के सेवन और इलाज में लापरवाही के कारण बच्ची को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने खाद्य विभाग को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जिले में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की समय पर जांच न होने के कारण यह घटना हुई।

जांच दल ने आश्रम प्रशासन, स्थानीय ग्रामीणों और पीड़ित परिवार से चर्चा कर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपने की बात कही है।

विधायक मंडावी ने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना सरकारी तंत्र की लचर व्यवस्था का नतीजा है। उन्होंने खाद्य विभाग को चेतावनी दी कि वह खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए।

यह घटना राज्य के आवासीय आश्रमों में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। कांग्रेस ने इसे प्रशासनिक विफलता का उदाहरण बताया है और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर गठित इस जांच दल में विक्रम मंडावी के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उड़दे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर, जनपद अध्यक्ष बोधी ताती, उपाध्यक्ष सोनू पोटाम और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमेश यालम शामिल थे। जांच के दौरान कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजेश जैन, संतोष गुप्ता, प्रवीण उद्दे, बब्बू राठी और ब्रिज कावरे सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *