हितग्राहियों से केक कटवाकर मनाया गया विश्व शौचालय दिवस

बीजापुर, 20 नवंबर 2024। 19 नवंबर को जिले में विश्व शौचालय दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देशानुसार, 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक “हमारा शौचालय, हमारा सम्मान” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत समस्त ग्राम पंचायतों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आश्रम शालाओं में शौचालयों के रख-रखाव और उनके सही उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार ने बताया कि इस 22 दिवसीय अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। इसके अंतर्गत स्कूलों और आंगनबाड़ियों में निर्मित शौचालयों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति का आकलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मरम्मत और नए शौचालय निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी। साथ ही, स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन लाने के लिए श्रमदान और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

केक कटिंग के साथ अभियान का शुभारंभ

जिला पंचायत के सभाकक्ष में इस अभियान का शुभारंभ एक विशेष कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम की अनोखी बात यह रही कि हितग्राहियों से केक कटवाकर विश्व शौचालय दिवस मनाया गया। यह कदम लोगों को जागरूक करने और अभियान के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया।

इस अवसर पर ग्रामीणों और अधिकारियों ने स्वच्छता के महत्व को समझाने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया कि शौचालय न केवल स्वास्थ्य बल्कि सम्मान का प्रतीक बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *