Homeक्षेत्रीय खबरेंउप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लिया बीजापुर में विकास कार्यों का जायजा,...

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लिया बीजापुर में विकास कार्यों का जायजा, बस्तर ओलंपिक्स में शामिल हुए

यूकेश चंद्राकर

बीजापुर, छत्तीसगढ़ : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने बस्तर प्रवास के दूसरे दिन बीजापुर में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क और पुल निर्माण कार्यों के साथ ही जल जीवन मिशन के प्रगति का जायजा लिया। अरुण साव ने ग्रामीणों से चर्चा कर योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की जानकारी ली और एजुकेशन सिटी में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र ‘समर्थ’ का भ्रमण किया। वहां बच्चों के साथ समय बिताया और उनके नृत्य प्रदर्शन को सराहा। उन्होंने जैतालूर स्थित गारमेंट फैक्ट्री में महिलाओं के कार्यों को भी देखा। इसके बाद मिनी स्टेडियम में आयोजित बस्तर ओलंपिक में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

सड़क और पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा

उप मुख्यमंत्री ने नेलसनार से गंगालूर तक निर्माणाधीन 50 किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि 39 किलोमीटर सड़क का काम पूरा हो चुका है और शेष 11 किलोमीटर जल्द ही पूरा किया जाएगा। भैरमगढ़ विकासखंड के फुंडरी में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का भी निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसे बीजापुर और नारायणपुर के बीच संपर्क का प्रमुख साधन बताया। पुल के निर्माण से क्षेत्र की आवागमन सुविधाएं सुधरेंगी और ग्रामीण विकास को गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन में प्रगति

अरुण साव ने मिंगाचल गांव में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर आधारित पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस परियोजना से 42 घरों में स्वच्छ पानी की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने सरपंच लक्ष्मी कांता सकनी को अभिनंदन पत्र प्रदान किया और ग्रामीणों से अन्य योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की।

बस्तर ओलंपिक में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया

मिनी स्टेडियम में आयोजित बस्तर ओलंपिक में शामिल होकर उप मुख्यमंत्री ने 12 हजार खिलाड़ियों के जोश को सराहा। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभा के माध्यम से बस्तर के युवा राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

बस्तर में बदलाव की बयार

अरुण साव ने कहा कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से सुदूर बस्तर में बदलाव हो रहा है। सड़कों, पुलों, स्कूलों और स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। आवासहीन परिवारों को पक्के घर और अन्य बुनियादी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा बलों की भूमिका को सराहते हुए कहा कि उनके योगदान से क्षेत्र में स्थायित्व और विकास संभव हो रहा है।इस दौरे में कलेक्टर संबित मिश्रा, जिला पंचायत के सीईओ हेमंत रमेश नंदनवार, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular