बीजापुर, 23 नवंबर 2024: जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ भव्यता के साथ हुआ मिनी स्टेडियम बीजापुर में आयोजित हुआ । बस्तर सांसद महेश कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलन, ध्वजारोहण और खेल भावना की शपथ के साथ इस महोत्सव का शुभारंभ किया। इस आयोजन में जिले के चारों विकासखंड – भोपालपटनम, उसूर, भैरमगढ़, और बीजापुर से ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित 1500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में दो आयु वर्ग – 14 से 17 वर्ष और 17 वर्ष से अधिक के प्रतिभागियों ने 11 खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त किया। उद्घाटन समारोह में कन्या शिक्षा परिसर और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक खिलाड़ियों के लिए एक अद्वितीय मंच प्रदान करता है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक आयोजन बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों की सराहना की। महेश कश्यप ने कहा, “बस्तर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यह आयोजन उनकी प्रतिभा को निखारने और नई पहचान देने में अहम भूमिका निभा रहा है। बीजापुर ने हमेशा खेल के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई है और यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि अंदरूनी क्षेत्रों की प्रतिभा अब भयमुक्त होकर अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन कर रही है और सरकार उनके सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने बीजापुर स्पोर्ट्स एकेडमी की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि यह अकादमी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में अग्रणी रही है। उन्होंने बीजापुर की खेल परंपरा को गर्व का विषय बताया।

कलेक्टर संबित मिश्रा ने खिलाड़ियों के कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा, “बीजापुर के खिलाड़ी संभाग स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और कई खेलों में विजेता बनेंगे।”

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, उपाध्यक्ष कमलेश कारम, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, नगरपालिका अध्यक्ष बेनहूर रावतिया, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुकलाल पुजारी, पार्षद नंदकिशोर राणा, जी वेंकट, श्रीनिवास मुदलियार और संजय लुक्कड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बस्तर ओलंपिक ने एक बार फिर खेल और संस्कृति के अद्भुत संगम का प्रदर्शन किया, जहां युवा खिलाड़ियों ने अपने उत्साह और जोश के साथ जिले का मान बढ़ाया।

