उपमुख्यमंत्री अरुण साव का प्रथम आगमन और विकास कार्यों की समीक्षा

यूकेश चंद्राकर

बीजापुर, छत्तीसगढ़ । जिले में अपने पहले दौरे पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव का भैरमगढ़ में आत्मीय स्वागत किया गया। कलेक्टर संबित मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत हेमंत रमेश नंदनवार सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।इसके साथ ही भैरमगढ़ ब्लॉक के नेलसनार पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर उन्हें आवेदन सौंपे।

डिप्टी सीएम साव ने नेलसनार से गंगालूर तक निर्माणाधीन सड़क का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सड़क गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समयसीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए। यह सड़क अति संवेदनशील क्षेत्रों में बनाई जा रही है और जिले के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां नक्सली गतिविधियां काफी सक्रिय रही हैं। 50 किलोमीटर लंबी इस सड़क का 39 किलोमीटर निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 11 किलोमीटर का कार्य शेष है। उपमुख्यमंत्री ने सड़क के 5 किलोमीटर हिस्से का निरीक्षण किया और कलेक्टर को इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

भैरमगढ़ ब्लॉक के फुंडरी में साव ने निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का निरीक्षण किया। इस पुल के निर्माण से बीजापुर और नारायणपुर के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा और रायपुर से बीजापुर की दूरी भी घटेगी। इस पुल के निर्माण से माओवादी घटनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।इस पुल से बांगोली और बेलनार के ग्रामीणों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और शासन की योजनाओं का लाभ अंदरूनी क्षेत्रों तक पहुंचेगा।

उपमुख्यमंत्री ने पुल निर्माण के बाद सड़क विस्तार के लिए सुरक्षा कैंप स्थापित करने के निर्देश दिए।डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि इन परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से बीजापुर जिले में विकास के नए द्वार खुलेंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में इन बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं का निर्माण न केवल विकास को गति देगा, बल्कि सुरक्षा और स्थिरता में भी अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *