बीजापुर, 14 नवम्बर 2024 – छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में जल जीवन मिशन योजना के तहत कई गांवों में “हर घर जल” योजना का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समन्वित प्रयासों से मिड़ते, बारेगुडा और पेद्दामाटूर जैसे दूरदराज के गांवों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। यह योजना विशेष रूप से उन गांवों में राहत लेकर आई है जहां अब तक हैंडपंपों के जरिए ही पानी की आपूर्ति हो रही थी। अब घरों तक शुद्ध पानी की आपूर्ति सीधे नलों से की जा रही है, जिससे ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।
ग्राम मिड़ते में हर घर जल योजना की उपलब्धिबीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 20 किमी की दूरी पर स्थित ग्राम मिड़ते में 83 परिवार निवास करते हैं। पहले इन परिवारों की पानी की जरूरतें 18 हैंडपंपों से पूरी होती थी। अब, जल जीवन मिशन के तहत 353 ग्रामीणों के लिए घर-घर में नल से शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है। इस योजना का प्रमाणीकरण ग्राम सभा के माध्यम से सरपंच रंजना वासम, सचिव जनकैया पोंदी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी, और जिला समन्वयक टोपेश्वर साहू की उपस्थिति में किया गया।
बारेगुडा में जल जीवन मिशन का विस्तार
जिला मुख्यालय से 65 किमी दूर स्थित बारेगुडा गांव में कुल 212 परिवार निवास करते हैं। इंद्रावती नदी के निकट बसे इस गांव में 21 हैंडपंप लगे हुए थे, जो ग्रामीणों की पानी की आवश्यकताएं पूरी करते थे। जल जीवन मिशन योजना के तहत अब 726 ग्रामीणों को जीआई स्टील स्ट्रक्चर के माध्यम से नलों के द्वारा घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाया गया है। 22 अक्टूबर 2024 को सरपंच यालम अनिता, सचिव चंदा राम वडडे, और स्थानीय अधिकारियों की उपस्थिति में हर घर जल योजना का प्रमाणीकरण किया गया। योजना के संचालन हेतु इसे ग्राम पंचायत को हस्तांतरित कर दिया गया है।
पेद्दामाटूर गांव में हर घर जल का लाभ
विकासखंड भोपालपटनम के अंतर्गत आने वाले पेद्दामाटूर गांव में 82 परिवार निवास करते हैं, जो पहले हैंडपंपों के माध्यम से जल आपूर्ति पर निर्भर थे। अब, जल जीवन मिशन योजना के माध्यम से 421 ग्रामीणों को घर पर ही स्वच्छ पेयजल प्राप्त हो रहा है। यह सुविधा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों एवं ग्राम सभा की उपस्थिति में प्रमाणीकरण के बाद शुरू की गई। इस योजना से ग्रामीणों को पहले से बेहतर, सुलभ और स्वच्छ पानी मिल रहा है।
जल जीवन मिशन योजना से मिड़ते, बारेगुडा और पेद्दामाटूर जैसे गांवों में जल संकट का समाधान हुआ है। यह मिशन सरकार की ग्रामीण विकास योजनाओं में मील का पत्थर साबित हो रहा है, जिससे हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाने के सपने को साकार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया है और इसे अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला माना है।

