यूकेश चंद्राकर
बीजापुर/सुकमा, छत्तीसगढ़ : जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादी विरोधी अभियानों में एक बड़ी सफलता हासिल की है। अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्यवाहियों में 2 लाख के इनामी माओवादी सहित कुल 16 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इन माओवादियों के पास से विस्फोटक सामग्री, टिफिन बम, कार्डेक्स वायर और प्रतिबंधित माओवादी संगठन का साहित्य बरामद किया गया।

बीजापुर जिले के तीन थाना क्षेत्रों से जहां सुरक्षाबलों ने 13 माओवादियों को गिरफ्तार किया तो वहीं सुकमा जिले से भी 3 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है । बीजापुर के तर्रेम थानाक्षेत्र के बुड़गीचेरू जंगल में 2 लाख के इनामी जगरगुंडा एरिया कमेटी सदस्य समेत 3 माओवादी पकड़े गए। आवापल्ली के चाटलापल्ली जंगल में 5 और जांगला थानाक्षेत्र में एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान 5 जन मिलिशिया माओवादियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया है।
पूरी तरह से नया ख़तरा, आसानी से मिलने वाले बीयर बॉटल से बम बना रहे हैं नक्सली !
गंगालूर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा सुरक्षा बलों की सतर्कता के चलते टल गया। माओवादियों ने पहली बार बीयर की बोतलों में 2-2 किग्रा के आईईडी बम छिपाकर पगडंडी मार्ग पर लगाए थे। प्रेशर स्विच सिस्टम से संचालित इन डायरेक्शनल बमों का उद्देश्य सुरक्षा बलों को निशाना बनाना था। बीडीएस टीम ने समय रहते इन्हें निष्क्रिय कर दिया।
बियर बम, आम लोगों की नई मुसीबत ?
माओवादियों के इस नई तकनीक का खामियाजा अब आम आदिवासियों को भी भुगतना पड़ सकता है । दरअसल, यहां के अधिकतर निवासी महुए की शराब बनाते हैं और महुए की शराब बस्तर की प्राचीन धरोहर के रूप में देखी समझी जाती है, इसे बस्तर की संस्कृति का अभिन्न अंग माना जाता है । स्थानीय लोग बियर की बोतलों में इस शराब को एक दूसरे तक पहुंचाने या बेचने के लिए इस्तेमाल करते हैं । ऐसे में यदि माओवादी इन बोतलों का इस्तेमाल विस्फोटक बनाने के लिए इस्तेमाल करते हैं तो एक सवाल खड़ा होता है कि क्या कल किसी परिस्थितिवश कोई आम आदिवासी सुरक्षा बलों के संदेह के दायरे में नहीं आएगा ? या फिर वाकई कोई माओवादी अगर बियर की बोतल सिर्फ इसलिए पकड़ा हुआ है कि उसे विस्फोटक बनाकर प्लांट कर सके तो सुरक्षाबल उसे आम नागरिक नहीं समझेंगे ? दो अलग अलग वाक्यों में समाहित एक ही प्रश्न का उत्तर क्या कोई भी जिम्मेदार दे सकेगा ?
सुरक्षा बलों का संदेश: माओवादियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी, और किसी भी नई साजिश को नाकाम किया जाएगा। जनता की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।

