अबूझमाड़ के मुहाने पर जलापूर्ति की नई मिसाल

जल जीवन मिशन से बदली ग्राम कचोरा की तस्वीर

रायपुर, 22 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के सुदूर अंचलों तक मूलभूत सुविधाओं और शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की प्रतिबद्धता रंग ला रही है। जिला मुख्यालय नारायणपुर से लगभग 55 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत महोरा के आश्रित गांव कचोरा में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के दैनिक जीवन में सुगमता और खुशहाली का नया अध्याय लिखा है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण यह दूरस्थ गांव बना है।

पानी के संघर्ष से घर-घर नल तक की यात्रा

मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर 24 परिवारों वाले इस गांव की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को पेयजल की व्यवस्था के लिए रोजाना कड़ी मशक्कत और कठिन श्रम करना पड़ता था। इस समस्या का स्थायी समाधान करते हुए जल जीवन मिशन के तहत गांव में लगभग 2,084 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई और 10 हजार लीटर क्षमता वाली दो सोलर आधारित पानी की टंकियों का निर्माण किया गया। आज गांव के शत-प्रतिशत (24) परिवारों के घरों तक नल से शुद्ध और सुरक्षित पेयजल पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों के समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।

‘हर घर जल उत्सव’ से जगा जल संरक्षण का संकल्प

योजना के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर गांव में पूरे उत्साह के साथ ‘हर घर जल उत्सव’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित ग्रामसभा में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम के जरिए ग्रामीणों ने जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने और पानी की एक-एक बूंद को सहेजने का सामूहिक संकल्प लिया। ग्रामीणों को समझाया गया कि सुविधा मिलने के साथ ही जल स्रोतों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग और रखरखाव ही इसकी निरंतरता का आधार है।

जनभागीदारी से सुदृढ़ हुई योजना की नींव

योजना को आत्मनिर्भर और सुचारू बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया है। इसमें पंप संचालन एवं रखरखाव, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा निगरानी और प्रबंधन को शामिल किया गया है।

ग्राम कचोरा की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि जब शासन की नीति और स्थानीय जनभागीदारी एक साथ आते हैं, तो दुर्गम क्षेत्रों में भी सकारात्मक सामाजिक और ढांचागत परिवर्तन संभव हो जाता है। घर-घर नल से पहुंच रहा शुद्ध जल न केवल बीमारियों से सुरक्षा दे रहा है, बल्कि ग्रामीणों के जीवनस्तर को ऊंचा उठाकर एक सशक्त और आत्मनिर्भर गांव का सपना साकार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *