छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक स्ट्रीमिंग पार्टनर बना जियोहॉटस्टार

रायपुर के मैदान से पूरी दुनिया देखेगी राज्य के खिलाड़ियों का हुनर

लाइव स्ट्रीमिंग से लीग को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर मिलेगी पहचान

रायपुर, 18 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आधिकारिक स्ट्रीमिंग पार्टनर जियोहॉटस्टार द्वारा लीग के सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। मैदान के साथ ही जियोहॉटस्टार पर दर्शकों को 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रोजाना शाम 5:30 बजे से हॉकी के 18 रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारत की पहली आधिकारिक राज्य हॉकी लीग है, जिसे हॉकी इंडिया से मान्यता मिली है। इसमें राज्य के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी शामिल होंगी। यह लीग फॉर्मेट में आयोजित की जाएगी, जिसमें शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी, जबकि फाइनल मुकाबला 1 नवंबर 2026 को खेला जाएगा।

लीग में भारतीय हॉकी के कई दिग्गज खिलाड़ी मुख्य आकर्षण (मार्की खिलाड़ी) के रूप में शामिल होंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो इन छह फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करेंगे। पुरुषों की प्रतियोगिता के साथ-साथ खेल एवं युवा कल्याण विभाग टूर्नामेंट के पहले दिन महिलाओं के लिए एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित करेगा, ताकि महिला हॉकी को बढ़ावा दिया जा सके।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने बताया कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारतीय हॉकी के इतिहास में एक शानदार अध्याय की शुरुआत है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने का अवसर देना है। लीग के सभी मैचों की जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग से इसे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी। रायपुर के मैदान से राज्य के खिलाड़ियों का हुनर पूरी दुनिया देखेगी।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का लक्ष्य राज्य में हॉकी के माहौल को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर पैदा करना और प्रदेश में इस राष्ट्रीय खेल के निरंतर विकास में योगदान देना है। “चलो रे संगी हॉकी खेलबो” टैगलाइन के साथ यह लीग छत्तीसगढ़ की खेल पहचान, क्षेत्रीय गौरव और हॉकी में बढ़ती आकांक्षाओं को रेखांकित करेगी।

भारत के इस राष्ट्रीय खेल की पहुंच को और व्यापक बनाने के लिए लीग के मैच जियोहॉटस्टार पर प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में उपलब्ध होंगे। इसके माध्यम से देशभर के करोड़ों दर्शक लीग के मुकाबले देख सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *