लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सड़कों-पुलों के कार्यों का किया निरीक्षण

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले का दौरा कर निर्माणाधीन सड़कों एवं पुलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पामगढ़ और कोरबा में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर दोनों जिलों में निर्माणाधीन, स्वीकृत और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी इस दौरान मौजूद थे।

विभागीय सचिव बंसल को पामगढ़ रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान बिलासपुर सेतु संभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले के धनवारपारा (सलनी)-नवागांव मार्ग पर बोराई नदी पर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इस मार्ग पर 905 मीटर में बीटी कार्य शेष है। सचिव बंसल ने अधिकारियों को वर्तमान अनुबंध के अनुसार बीटी कार्य पूर्ण कराते हुए अनुबंध शीघ्र समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों की मांग के अनुसार 1,200 मीटर अतिरिक्त बीटी सड़क के निर्माण के लिए पृथक पुनरीक्षित प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजने को कहा।

बंसल ने अधिकारियों को पीडब्ल्यूएमआईएस (PWMIS) में पूर्व वर्षों में पूर्ण किए गए कार्यों के अंतिम पूर्ण देयक से संबंधित कार्यवाही पूरी कर अद्यतन डेटा की प्रविष्टि करने के निर्देश दिए। उन्होंने पामगढ़ रेस्ट हाउस में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए।

बंसल ने कोरबा में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर सीजीआरआईडीसीएल योजना के अंतर्गत प्रगतिरत कटघोरा-हरदीबाजार-बलौदा-अकलतरा मार्ग (इंडस्ट्रियल कॉरिडोर) पर खोलार नाला में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त सुरक्षा के दृष्टिकोण से क्रैश बैरियर पर हैंडरेल लगाने को कहा।

उन्होंने कोरबा कलेक्टर को इंडस्ट्रियल कॉरिडोर मार्ग पर खोलार नाला के पास कटाव रोकने के लिए रिटेनिंग वॉल एवं पिचिंग सहित अन्य सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीपत-बलौदा-कोरबा (कुदुरमाल) मार्ग पर हसदेव नदी में उच्च स्तरीय फोरलेन पुल एवं पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *