छत्तीसगढ़ में तकनीकी सहायक 13 से 15 अक्टूबर तक हड़ताल पर

रायपुर, 14 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ तकनीकी सहायक कर्मचारी संघ ने 13 और 14 अक्टूबर 2026 को सभी जिलों में जिला स्तर पर सांकेतिक हड़ताल और धरना प्रदर्शन की घोषणा की है। 15 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर में प्रदेश स्तर पर हड़ताल और रैली निकाली जाएगी। संघ का कहना है कि 12 अक्टूबर 2026 तक उसकी लंबित मांगों पर राज्य सरकार ने कोई घोषणा या नीति निर्धारण नहीं किया, इसलिए यह कदम उठाया गया।
संघ ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मुख्य सचिव, पंचायत मंत्री और संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर अपनी मांगें रखी हैं। प्रमुख मांगों में शामिल हैं।

विकसित भारत जी राम जी योजना में कार्यरत सभी तकनीकी सहायकों के लिए नियमित पद सृजित किए जाएं।
नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक तकनीकी सहायकों की सेवा शर्तें पंचायत विभाग के ग्राम पंचायत सचिवों की तरह स्थायीकरण नियमावली के तहत तुरंत लागू की जाएं।
तकनीकी सहायक का पद नाम बदलकर कनिष्ठ अभियंता (VB G RAM G) किया जाए।

पत्र में चार अन्य समस्याओं का भी उल्लेख है, जो अलग से संलग्न बताई गई हैं। संघ ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से अपील की है कि हड़ताल में शामिल होने वाले सभी तकनीकी सहायकों को तीन दिन का सामूहिक अवकाश दिया जाए।
संघ के प्रांताध्यक्ष अशोक कुमार कुर्रे की ओर से जारी इस पत्र की प्रतियां सभी जिले के कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *