पंजीकरण के बाद बीजापुर प्रेस क्लब की पहली बैठक, संवेदनशील खबरों की रिपोर्टिंग पर होगी विशेष कार्यशाला

बीजापुर, 8 अक्टूबर 2026

बीजापुर प्रेस क्लब के पंजीकरण के बाद पदाधिकारियों की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रेस क्लब की आगामी गतिविधियों और पत्रकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में सदस्यता शुल्क की प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही पत्रकारिता से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। खासतौर पर चाइल्ड वेलफेयर, महिलाओं से जुड़े मामलों और यौन उत्पीड़न जैसे संवेदनशील प्रकरणों की रिपोर्टिंग को लेकर पत्रकारों की जिम्मेदारी और बरती जाने वाली सावधानियों पर चर्चा हुई।

प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में खबर की जल्दबाजी से अधिक जरूरी पीड़ित की निजता, गरिमा और सुरक्षा का ध्यान रखना है। रिपोर्टिंग के दौरान पीड़ित की पहचान उजागर न हो, संवेदनशील जानकारी का अनावश्यक प्रसारण न किया जाए और कानून व पत्रकारिता के नैतिक मानकों का पालन हो, इस दिशा में पत्रकारों को और अधिक जागरूक करने की आवश्यकता है।

इसी उद्देश्य से आगामी दिनों में पत्रकारों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। कार्यशाला में विशेषज्ञों के माध्यम से संवेदनशील मामलों की रिपोर्टिंग, कानूनी प्रावधानों, पीड़ितों की गोपनीयता और जिम्मेदार पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

बैठक में प्रेस क्लब को पत्रकारों के हितों के साथ-साथ जिम्मेदार और संवेदनशील पत्रकारिता को बढ़ावा देने वाले बेहतर मंच के रूप में विकसित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने पत्रकारों के पेशेवर हितों और पत्रकारिता के मानकों को मजबूत करने के लिए आगे भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने पर सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *