बदलती तस्वीर : कभी नक्सलियों का प्रभाव था जहां अब सरकार वहां

बीजापुर, 25 नवंबर 2024 – छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में एक निर्णायक मोर्चे की जीत की शुरुआत हुई है। धुर माओवाद क्षेत्र कोण्डापल्ली में हाल ही में स्थापित पुलिस सुरक्षा कैम्प ने न केवल सुरक्षा का विश्वास जगाया है, बल्कि विकास की राह में भी एक बड़ा कदम बढ़ाया है। यह कदम क्षेत्र में विकास मूलक कार्यों को गति देने और ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए एक ऐतिहासिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

कोण्डापल्ली में सुरक्षा कैम्प की स्थापना के बाद से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चार नए हैंडपंप लगाए गए हैं, जिससे यहां के 1500 से अधिक ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत मिली है। अब, ग्रामीणों को पेयजल के लिए लंबी दूरी तय करने या संघर्ष करने की आवश्यकता नहीं है। इस पहल ने न केवल उनके जीवन में आसानी लाई है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत किया है।

सुरक्षा कैम्प के साथ-साथ कोण्डापल्ली में सरकारी योजनाओं का लाभ भी पहुंचना शुरू हो गया है। आधार कार्ड और राशन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों को तैयार करने के लिए प्रशासन सक्रिय है। हाल ही में सारकेगुड़ा में आयोजित आधार कैम्प में 120 ग्रामीणों का आधार कार्ड बन चुका है, जबकि राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया प्रगति पर है।

सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल, और आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार इस बात का प्रमाण है कि सरकार और प्रशासन क्षेत्र के विकास के लिए कृतसंकल्प हैं। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ मिलने से ग्रामीण विकास की मुख्य धारा से जुड़ने के लिए उत्सुक हैं।

कोण्डापल्ली में यह पहल न केवल बुनियादी सुविधाओं की ओर एक कदम है, बल्कि यह माओवाद से ग्रस्त क्षेत्र में शांति और विकास का संदेश भी है। ग्रामीणों में विकास की आशा के साथ एक नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।

यह प्रयास उस दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है, जहां सुरक्षा और विकास का एक साथ मिलन हो रहा है। यह न केवल प्रशासन की जीत है, बल्कि उन ग्रामीणों की भी जीत है, जो वर्षों से इस बदलाव की प्रतीक्षा कर रहे थे। कोण्डापल्ली के ये छोटे-छोटे कदम उस बड़े युद्ध में एक बड़ी जीत की ओर बढ़ रहे हैं, जो सुरक्षा और समृद्धि का सपना साकार करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *