कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क जांच शिविर में 46 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

प्रारंभिक जांच में 5 मरीजों में कैंसर की पुष्टि, विशेषज्ञों ने दिया परामर्श

कोण्डागांव, 18 जून 2026

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला कोण्डागांव तथा बाल्को मेडिकल सेंटर रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में जिला अस्पताल कोण्डागांव में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को कैंसर के प्रति जागरूक करना, रोग की प्रारंभिक पहचान सुनिश्चित करना तथा समय पर उपचार के लिए आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराना था।

शिविर में बाल्को मेडिकल सेंटर रायपुर की 10 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम द्वारा कैंसर जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कैंसर के लक्षणों, जोखिम कारकों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच के महत्व के संबंध में जानकारी दी। उपस्थित नागरिकों की आवश्यकता अनुसार विभिन्न जांचें की गईं तथा संदिग्ध मामलों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान कुल 46 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग की गई। प्रारंभिक जांच में 5 मरीज कैंसर से प्रभावित पाए गए, जिन्हें आगे के उपचार एवं विशेषज्ञ परामर्श हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है, इसलिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण आवश्यक है।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि कैंसर से संबंधित किसी भी लक्षण की उपेक्षा न करें तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं। विभाग द्वारा ऐसे जागरूकता एवं स्क्रीनिंग कार्यक्रमों को जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया है।

शिविर के सफल आयोजन में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रेमलाल मंडावी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भावना महालवार, जिला नोडल अधिकारी (एनसीडी) डॉ. ममता ठाकुर, जिला सलाहकार (एनसीडी) सुश्री शीला यादव सहित जिला अस्पताल के चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं बाल्को मेडिकल सेंटर की विशेषज्ञ टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रभाकर गुप्ता एवं डॉ. हेमलता सहित विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *