ओवररेटिंग मामले मे चार आबकारी उप निरीक्षक निलंबित

छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

रायपुर,11 जून 2026

आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ ने राज्य के विभिन्न जिलों में शराब दुकानों में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री और नियंत्रण में लापरवाही के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए चार आबकारी उप निरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई राज्य स्तरीय उड़नदस्ता की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।

निलंबित अधिकारियों में धमतरी जिले के कुरूद के वृत्त प्रभारी पुरूषोत्तम सिन्हा (आबकारी उप निरीक्षक), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गंडई वृत्त प्रभारी प्रभाकर सिरमौर (आबकारी उप निरीक्षक), बलौदाबाजार जिले के सिमगा वृत्त प्रभारी मनराखन नेताम (आबकारी उप निरीक्षक) तथा रायपुर जिले के पंडरी वृत्त प्रभारी कौशल किशोर सोनी (आबकारी उप निरीक्षक) शामिल हैं।

जांच में गंडई, हिरमी, कुरूद और फाफाडीह शराब दुकानों में छद्म ग्राहकों के माध्यम से की गई खरीद में निर्धारित दर से 10 से 60 रुपये तक अधिक वसूली की पुष्टि हुई। संबंधित शराब दुकानों के विक्रयकर्ताओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 39(ग) के तहत प्रकरण भी दर्ज किया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *