Home राज्य पंचायत की एनओसी पर निर्माण के लिए मिलेगी रेत

पंचायत की एनओसी पर निर्माण के लिए मिलेगी रेत

रायपुर, 25 मई 2026

गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड स्थित बोरसी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में सुशासन और विकास की झलक देखने को मिली। सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित इस शिविर में आसपास के 14 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और अपनी समस्याओं, मांगों तथा शिकायतों से संबंधित कुल 1059 आवेदन प्रशासन को सौंपे। इनमें अधिकांश मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सुशासन तिहार का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अवैध मुरूम और रेत उत्खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत की एनओसी के आधार पर प्रधानमंत्री आवास और अन्य निर्माण कार्यों के लिए नागरिकों को रेत उपलब्ध कराने की सुविधा दी जाएगी।

विधायक ने ग्राम पंचायत टेका के आश्रित ग्राम कपसीडीह को स्वतंत्र राजस्व ग्राम बनाने तथा आने वाले समय में सेम्हराडीह को भी राजस्व ग्राम बनाने के लिए अपनी ओर हरसंभव पहल करने की बात कही। उन्होंने बताया कि जिले में अगले दो वर्षों में लगभग 45 हजार प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जाएगा। वहीं किरवई में 50 एकड़ भूमि पर कृषि महाविद्यालय और गरियाबंद में आधुनिक नालंदा परिसर विकसित किया जाएगा।

कलेक्टर बीएस उइके ने किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन और भूमि के अनुसार खाद वितरण व्यवस्था की जानकारी दी। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई कार्यक्रम, समाज कल्याण विभाग द्वारा व्हीलचेयर वितरण तथा मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को मत्स्य जाल और आइस बॉक्स प्रदान किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here