दुर्गम जंगलों के बीच पहुंची स्वास्थ्य टीमः ग्राम गमपुर में 771 ग्रामीणों का हुआ यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग सर्वे

डोडीतुमनार उप स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने सीमित संसाधनों के बावजूद किया सफल स्वास्थ्य सर्वेक्षण, मलेरिया और टीबी के संभावित मरीजों की समय पर पहचान

बीजापुर, 19 मई 2026

दूरस्थ क्षेत्र ग्राम गमपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग सर्वेक्षण का सफल आयोजन किया गया। उप स्वास्थ्य केंद्र डोडीतुमनार की स्वास्थ्य टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, दुर्गम रास्तों और सीमित संसाधनों के बावजूद गांव तक पहुंचकर कुल 771 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की।

स्वास्थ्य विभाग की इस विशेष पहल के दौरान ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ मलेरिया, टीबी, एनीमिया, उच्च रक्तचाप तथा गर्भवती महिलाओं की विशेष स्क्रीनिंग की गई। सर्वेक्षण में 05 मलेरिया मरीजों की पहचान कर उनका तत्काल उपचार प्रारंभ किया गया। वहीं 02 संभावित टीबी मरीजों एवं 01 हाई रिस्क प्रेग्नेंसी  ANC HRP की पहचान कर आगे की जांच एवं उपचार हेतु उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। इसके अतिरिक्त जांच के दौरान 01 उच्च रक्तचाप (बीपी) तथा 02 एनीमिया मरीजों को चिन्हित कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य टीम द्वारा ग्रामीणों को साफ-सफाई, पोषण, नियमित जांच तथा संक्रामक बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारी भी दी गई।

ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार उनके गांव के समीप इतने व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य जांच सुविधा उपलब्ध हुई है। इस अभियान से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान संभव हो सकी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। टीम के सतत प्रयासों से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। यह अभियान न केवल ग्रामीण स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी स्वास्थ्य विभाग जनसेवा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *